न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 1 फरवरी। पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने रविवार को शहर में कई प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया।

इस निरीक्षण का उद्देश्य बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का आकलन करना तथा सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार कर नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना था।

निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने सेक्टर 31 स्थित जापानी गार्डन तथा सेक्टर 42 स्थित गार्डन ऑफ पाम्स एवं सेक्टर-42 झील का दौरा किया।

उन्होंने पार्क की सुविधाओं की समीक्षा की और संबंधित विभागों को पैदल पथों, बेंचों और फेंसिंग के रखरखाव में सुधार करने, स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा झील में पर्याप्त जल स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सरंगपुर स्थित चंडीगढ़ बोटेनिकल गार्डन का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की सलाह दी।

इस अवसर पर उन्होंने आधुनिक तकनीक से स्वस्थ एवं तेजी से बढ़ने वाले पौधों के उत्पादन हेतु स्थापित हाई-टेक नर्सरी – एडवांस्ड प्लांट प्रोपेगेशन यूनिट का उद्घाटन किया।

यह इकाई वनीकरण, पर्यावरण पुनर्स्थापन और शहरी हरियाली को बढ़ावा देने के साथ-साथ जैव विविधता संरक्षण और संसाधनों के कुशल उपयोग में सहायक होगी।

इसके पश्चात प्रशासक ने सेक्टर 38, चंडीगढ़ स्थित कम्युनिटी सेंटर का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने मौजूदा बुनियादी ढांचे और सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को परिसर में स्थित अन्य पुराने सामुदायिक सभागारों के कायाकल्प एवं उन्नयन के निर्देश दिए, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

ये निरीक्षण चंडीगढ़ में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को सुव्यवस्थित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए। मौके पर यूटी चंडीगढ़ प्रशासन के लगभग सभी आला अधिकारी मौजूद रहे।