Follow

मुख्यमंत्री की बड़ी नायाब घोषणा- नीट अभ्यर्थियों को 20 व 21 जून को मुफ्त रोडवेज बस सेवा

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 23 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के युवाओं की सुविधा और उनकी परीक्षा संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 21 जून को आयोजित होने वाली नीट की परीक्षा के मद्देनज़र 20 और 21 जून को पूरे हरियाणा में परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त रोडवेज बस सेवा उपलब्ध करवाने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने  कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए सरकार  लगातार कार्य  कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी नीट अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर 20 और 21 जून को किसी भी हरियाणा रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे, ताकि उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले राज्य सरकार द्वारा सीईटी अभ्यर्थियों के लिए भी मुफ्त बस सेवा की सुविधा दी गई थी। इसी प्रकार अब नीट परीक्षार्थियों को भी मुफ्त बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी परीक्षार्थी लगन से परीक्षा में भाग लें और अच्छे से तैयारी करें। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

Advertisement

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को एक और बड़ी राहत देते हुए ‘राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा’ (NEET) में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। इससे विद्यार्थियों में खुशी की लहर है।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आगामी 20 और 21 जून को छात्र परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगे।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी युवा साथियों की सफलता और उनकी सुविधा सुनिश्चित करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आर्थिक या आवागमन की कोई भी बाधा हमारे होनहारों के सपनों के आड़े नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दोनों दिन छात्र रोडवेज बसों के परिचालक को अपना ‘नीट एडमिट कार्ड’ (प्रवेश पत्र) दिखाकर इस मुफ्त सेवा का लाभ उठा सकते हैं। रोडवेज विभाग को इस संबंध में पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

परीक्षार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि आप सब बिना किसी मानसिक तनाव के, पूरे मनोयोग और एकाग्रता के साथ अपनी परीक्षा दें। प्रदेश सरकार कदम-कदम पर आपके साथ खड़ी है। मैं सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि आप अपनी मेहनत से प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

 

Advertisement
Tap to Refresh