NEET पेपरलीक से टूटे अशोक बहार PGI में भर्ती
न्यूज़म ब्यूरो
लखनऊ। 70 वर्षीय अशोक बहार इन दिनों अपनी मेहनत और हौसले को लेकर चर्चा में हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना नहीं छोड़ा और हाल ही में आयोजित NEET परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते समय सफेद बाल, चेहरे की झुर्रियां और हाथ में पर्चा लिए अशोक बहार युवा परीक्षार्थियों के बीच अलग नजर आए। वह इससे पहले भी कई बार NEET परीक्षा दे चुके हैं, लेकिन सफलता अब तक नहीं मिल सकी।
NEET पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की खबर ने उन्हें गहरा सदमा पहुंचाया। तनाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
अस्पताल में भर्ती अशोक बहार ने कहा कि पेपर लीक करने वालों ने लाखों छात्रों की मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि कई छात्र मानसिक तनाव में आ गए और कुछ ने आत्महत्या तक कर ली।