Listen to this article
“एसपी रोहतक बोले— कोई दोषी नहीं बचेगा, सभी आरोपी सलाखों के पीछे जाएंगे”
“रोहित धनखड़ मामले में निर्णायक मोड़ के संकेत, पंचायत–प्रशासन की सकारात्मक बैठक”
“रोहतक पुलिस का दावा: रोहित केस में कानूनी शिकंजा कसा, जल्द अंतिम निष्कर्ष”
न्यूज़म ब्यूरो
रोहतक | 29 जनवरी : अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर एवं छह बार के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता स्व. रोहित धनखड़ की नृशंस हत्या के मामले में आज रोहतक के पुलिस अधीक्षक (SP) से रोहित के परिवार के सदस्य, गठित कमेटी एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। इस बैठक का उद्देश्य रोहित धनखड़ हत्याकांड में अब तक की पुलिस कार्रवाई, वर्तमान स्थिति एवं आगे की जांच की दिशा पर विस्तृत चर्चा करना रहा।
पुलिस अधीक्षक रोहतक ने प्रतिनिधिमंडल को अब तक की गई समस्त पुलिस कार्रवाई से अवगत कराया तथा कुछ ऐसे अहम तथ्यों और कानूनी बिंदुओं को साझा किया, जिनसे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि आने वाले कुछ ही दिनों में इस हत्याकांड में शामिल बचे हुए सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल 18 से 20 आरोपियों में से केवल 5 आरोपी ही गिरफ्तार हो पाए हैं । एसपी रोहतक ने यह भी बताया कि जो आरोपी अभी फरार हैं, उन्हें भगोड़ा (PO) घोषित करने तथा उनकी संपत्ति कुर्क करने की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और मामले को तेजी से निर्णायक मोड़ तक पहुँचाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि रोहित धनखड़ हत्याकांड में कोई भी दोषी नहीं बचेगा और सभी जिम्मेदार लोगों को कानून के अनुसार सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है और शीघ्र ही ठोस निष्कर्ष सामने आएगा। पुलिस प्रशासन के साथ हुई इस सकारात्मक एवं तथ्यात्मक बातचीत के बाद रोहित धनखड़ मामले में गठित कमेटी ने संतोष व्यक्त किया और यह उम्मीद जताई कि आने वाले एक सप्ताह के भीतर इस मामले में महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिलेगी। कमेटी का कहना है कि वर्तमान बैठक से यह स्पष्ट है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

इसके साथ ही पंचायत, परिवार के सदस्यों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि जल्द ही रोहित धनखड़ के विषय पर गठित कमेटी, खाप प्रतिनिधियों एवं राष्ट्रीय जाट महासभा के प्रतिनिधियों के साथ एक विस्तृत बैठक की जाएगी। इस बैठक में रोहित धनखड़ के परिवार को आर्थिक सहायता, स्थायी सरकारी नौकरी तथा गांव में खेल स्टेडियम/अकादमी जैसी मांगों को लेकर सरकार से बातचीत की रणनीति तैयार की जाएगी।
आज की बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय जाट महासभा भारत के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन पवारिया, समाजसेवी एडवोकेट चंचल नांदल, हुमायूंपुर के पूर्व सरपंच संदीप धनखड़, छात्र नेता दीपक धनखड़, रोहित के चाचा सतीश धनखड़, आर्मी से रिटायर्ड सूबेदार दिलबाग सिंह, राजकुमार मेहरा, राजेश पंडित सहित अन्य पंचायत व समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के पश्चात कमेटी एवं परिवार के सदस्यों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान स्थिति में वे प्रशासन की प्रक्रिया से संतुष्ट हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि रोहतक पुलिस जल्द ही इस मामले को उसके अंतिम और न्यायपूर्ण निष्कर्ष तक पहुँचाएगी। पहले यह मामला भिवानी पुलिस के पास था हरियाणा के सीएम व डीजीपी से मांग रखने के बाद यह कैस भिवानी से रोहतक ट्रांसफर किया गया था ।
What are your
Feelings