हरियाणा नगर निकाय चुनावों में जीते मेयरों, चेयरमैनों व पार्षदों का जोरदार अभिनंदन, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी ने किया जनता का धन्यवाद
नागरिक देवो भवः की भावना के साथ सरकार हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री नायब सैनी
निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर बोले मुख्यमंत्री, कहा- जनता ने विकास और सुशासन की राजनीति पर भरोसा किया
भाजपा की यह जीत कोई सामान्य जीत नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है : नायब सैनी
निकाय चुनाव में मिले जनादेश पर सीएम सैनी ने कहा -यह जनादेश कोई पुरस्कार नहीं है, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है
जनता ने कांग्रेस के परिवारवाद, झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति को नकार दिया है : नायब सैनी
डॉक्टर आराधना सिंह
पंचकूला, 14 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की जनता लगातार “नॉन स्टॉप कमल का फूल” खिलाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग पीएम मोदी और कमल के फूल से प्यार करते हैं, क्योंकि भाजपा सरकार ने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास और जनकल्याण के कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नागरिक देवो भवः की भावना के साथ हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में आयोजित नव निर्वाचित मेयर, चेयरमैन एवं पार्षदों के अभिनंदन और जनता के धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की जमकर सराहना की और कहा कि भीषण गर्मी में भी कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ चुनाव लड़कर जीत सुनिश्चित की।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा की यह जीत कोई सामान्य जीत नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका चुनावों में जनता ने भाजपा को एकतरफा समर्थन देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वह विकास, पारदर्शिता और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का काम जनता ने किया है और अब विकास कार्य भी ट्रिपल स्पीड से होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा के बाद अब निकाय चुनावों में मिली जीत यह साबित करती है कि हरियाणा की जनता प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों पर भरोसा करती है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता बूथ स्तर तक मजबूती से खड़ा रहा और घर-घर जाकर जनता से संपर्क किया। जनता ने भी कांग्रेस के परिवारवाद, झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति को नकार दिया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार लोकतंत्र का अपमान कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद ईवीएम और वोट चोरी जैसे आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का काम करती है, जबकि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वाेपरि होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की आदत हमेशा लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर करने की रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार की कमियों को उजागर करना होता है, लेकिन पहली बार ऐसा विपक्ष देखने को मिल रहा है जो सरकार के अच्छे कार्यों का भी विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह लगातार बयानबाजी और दुष्प्रचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि अब केवल भाषण नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए और भाजपा सरकार परिणाम देने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सोनीपत निकाय चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र का सम्मान करते हुए समय पर चुनाव कराए। उन्होंने कहा कि पद खाली नहीं रहने चाहिए बल्कि पद पर व्यक्ति विराजमान होना चाहिए। हमारी सरकार ने लोकतंत्र का सम्मान करते हुए चुनाव कराए।

नायब सैनी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश और हरियाणा में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि आज जहां भी नजर डालेंगे, वहां विकास दिखाई देता है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, गरीब कल्याण और पारदर्शिता के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। गरीबों को मकान, मुफ्त इलाज और अन्य सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे उनका जीवन स्तर सुधरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की नीति पर चलते हुए सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि आसाम के अंदर डबल इंजन की सरकार ने विकास के काम किए, जिन्हें बंगाल की जनता ने देखा। बंगाल के लोगों ने भी बदलाव का आनंद लेने के लिए कमल का फूल खिलाया। उन्होंने कहा कि अब हमारा पड़ोसी राज्य पंजाब के लोग भी हरियाणा को नजदीक से देख रहे हैं। पंजाब के लोग देख रहे हैं कि हरियाणा के लोगों को बड़ी सुविधाएं मिल रही है, योजनाओं का लाभ मिल रहा है, गरीब का उपचार हो रहा है। गरीब लोगों को अपनी बेटियों की शादी की चिंता नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने भी मन बना लिया है हरियाणा के लोगों को जो लाभ मिल रहा है वह पंजाब के लोगों को भी मिलना चाहिए। आने वाले समय में पंजाब में भी हरियाणा की तरह विकास की गति बढ़ेगी।
नायब सैनी ने कहा कि पीएम मोदी के मागदर्शन में हरियाणा सरकार अंत्योदय की भावना से काम कर रही है। निकाय चुनाव में जनता ने समर्थन दिया है वह सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के साथ का परिणाम है। पीएम मोदी धरातल पर काम करते हैं। गरीब, किसान, कर्मचारी, व्यापारी सभी देश को पीएम मोदी के हाथों में सुरक्षित महसूस करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल का फूल नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह जीत कोई छोटी नहीं है यह जीत लोगों के विश्वास की जीत है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नव निर्वाचित मेयरों, पार्षदों और चेयरमैनों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जनादेश कोई पुरस्कार नहीं है, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि असली परीक्षा अब शुरू हुई है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में ऐसा काम होना चाहिए कि जनता कहे कि उनके पार्षद और मेयर ने शानदार कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को नकारात्मक राजनीति से बचते हुए जनता की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना होगा। हर गली, हर वार्ड और हर मोहल्ले की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करना होगा। पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना अब जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने शासन का अर्थ सेवा, सुशासन और पारदर्शिता बनाया है। यही कारण है कि आज देशभर में भाजपा सरकारों पर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और हरियाणा इस अभियान में मजबूत इंजन की भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का सपना नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है। श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 63 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं और बाकी पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में किए गए 21 संकल्पों को भी सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री ने सभी नव निर्वाचित मेयरों, पार्षदों, चेयरमैनों और जनता का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार नागरिक सेवा की भावना के साथ आगे भी काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि नागरिक देवो भवः की भावना के साथ सरकार हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ट्रिपल इंजन सरकार पर जनता ने लगाई भरोसे की मोहरर : मोहन लाल बडौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने निकाय चुनाव में भाजपा की जीत को बताया विकास, विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत
नगर निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद आयोजित सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व पर भरोसे की मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के आह्वान को स्वीकार करते हुए भाजपा को ऐतिहासिक समर्थन दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद शुरू हुआ भाजपा की जीत का रथ लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता हर चुनाव में भाजपा को आशीर्वाद दे रही है और यही विश्वास निकाय चुनावों में भी देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में भाजपा की “छोटी सरकारें” बनी हैं, जो अब प्रदेश सरकार के साथ मिलकर विकास को नई गति देंगी। बड़ौली ने कहा कि पंचायतों से लेकर ब्लॉक समिति और जिला परिषद तक भाजपा के विचारधारा के प्रतिनिधि जनता की सेवा में जुटे हुए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा ने निकाय चुनाव में जो 21 संकल्प लिए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 63 पूरे हो चुके हैं और बाकी पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार अपने सभी वादों को शत-प्रतिशत पूरा करेगी।
जनता ने काम, विचार और व्यवहार के आधार पर दिया जनादेशर : डॉ. सतीश पूनिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि हरियाणा की जनता ने विचार, व्यवहार और विकास कार्यों के आधार पर भाजपा को जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और राज्य सरकार की नीयत पर भरोसा जताते हुए ट्रिपल इंजन सरकार को समर्थन दिया है।
डॉ. पूनिया ने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, भविष्य और संभावनाओं की जीत है। उन्होंने कहा कि इस विजय में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की बड़ी भूमिका रही है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल आरोप लगाने का काम करता है, जबकि भाजपा का संगठन जमीनी स्तर पर जनता के बीच काम करता है। भाजपा में मंत्री और कार्यकर्ता सीधे लोगों से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते हैं।
डॉ. पूनिया ने कहा कि जीत उत्साह और उमंग तो देती है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारियां और चुनौतियां भी बढ़ जाती हैं। अब जनता ने विकास की जिम्मेदारी भाजपा प्रतिनिधियों के कंधों पर रखी है। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के पार्षद और जनप्रतिनिधि पार्टी की छवि को मजबूत करने का काम करें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों को आदर्श शहर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। विकास कार्यों को गति दी जा रही है और जनता को पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन देने का प्रयास किया जा रहा है। डा. पूनिया ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा सेवा और परिश्रम के बल पर आने वाले समय में नया इतिहास रचने का आह्वान किया।
इस मौके पर मंत्री विपुल गोयल, मंत्री रणबीर गंगवा, मंत्री अरविंद शर्मा, मंत्री कृष्ण बेदी, राज्यसभा के सांसद कार्तिकेय शर्मा, सांसद रेखा शर्मा, राज्यमंत्री राजेश नागर, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, डा. अर्चना गुप्ता, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, नवनियुक्त मेयर श्याम लाल बंसल, सोनीपत के मेयर राजीव जैन, अंबाला की मेयर अक्षिता सैनी सहित रेवाड़ी, धारूहेड़ा, सांपला नगरपालिका व नगरपरिषद के चेयरमैन सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।










