Follow

सभी नागरिक मतदान के अधिकार को एक अमूल्य संवैधानिक विशेषाधिकार के रूप में समझें और राष्ट्रहित में करें इसका विवेकपूर्ण उपयोग : एच राजेश प्रसाद

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो 

 

चंडीगढ़, 25 जनवरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस (एनवीडी) राज्य स्तरीय समारोह आज एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वूमेन, सेक्टर-36, चंडीगढ़ में “माय इंडिया, माय वोट” थीम तथा “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में भारतीय नागरिक” टैगलाइन के साथ यूटी चंडीगढ़ के निर्वाचन विभाग द्वारा मनाया गया। मौके पर यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। उनके साथ स्वप्निल एम. नाइक मुख्य निर्वाचन अधिकारी; निशांत कुमार यादव जिला निर्वाचन अधिकारी; अमनदीप सिंह भट्टी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी तथा सौरभ कुमार अरोड़ा संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Advertisement

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, यूटी चंडीगढ़ ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए वर्ष 2025 के दौरान किए गए प्रमुख प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता के लिए यूनियन टेरिटरी भर में नुक्कड़ नाटक, विशेष नामांकन शिविर सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

राज्य स्तरीय समारोह का शुभारंभ कॉलेज की छात्राओं द्वारा शास्त्रीय कथक शैली में प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात स्किट, माइम तथा नृत्य सहित अनेक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं।

इस अवसर पर मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने प्रथम बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित किए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले निर्वाचन साक्षरता क्लबों के नोडल अधिकारियों (विद्यालयों एवं कॉलेजों), बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा निर्वाचन साक्षरता क्लबों के सदस्यों को सम्मानित किया। मुख्य सचिव द्वारा निर्वाचन विभाग का कैलेंडर भी जारी किया गया तथा उपस्थितजनों को निर्वाचन शपथ दिलाई गई। “माय इंडिया, माय वोट” थीम पर आयोजित रंगोली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा दिन भर के छात्र कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।

Special Offer
ADVERTISEMENT

सभा को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव प्रसाद ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र की सशक्तता नागरिकों द्वारा अपने मताधिकार का जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ प्रयोग करने पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक भागीदारी को सुदृढ़ करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मतदान के अधिकार को एक अमूल्य संवैधानिक विशेषाधिकार के रूप में समझें और राष्ट्रहित में इसका विवेकपूर्ण उपयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान भारत निर्वाचन आयोग की 30 प्रमुख पहलों पर आधारित एक विशेष नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें “बुक अ कॉल” सुविधा पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से सीधे कॉल बुक कर निर्वाचन सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों की सहभागिता भी कार्यक्रम का आकर्षण रही।

यह भी जानकारी दी गई कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चरणबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। इसका पहला चरण बिहार में पूर्ण हो चुका है, जबकि दूसरा चरण 12 राज्यों में प्रगति पर है। इस अभ्यास का उद्देश्य सभी पात्र मतदाताओं का नाम शामिल करना, डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाना तथा त्रुटियों का सुधार करना है।

यह भी बताया गया कि यूटी चंडीगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण शीघ्र घोषित किया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में पूर्व-पुनरीक्षण गतिविधियाँ चल रही हैं, जिनके अंतर्गत लगभग 60 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण की जा चुकी है।

नागरिकों से अपील की गई कि वे अंतिम एसआईआर की मतदाता सूची में अपना नाम voters.eci.gov.in पर जाकर सत्यापित करें। चंडीगढ़ के निवासी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, चंडीगढ़ की वेबसाइट पर भी अपने विवरण की जांच कर सकते हैं।

अब निर्वाचन से संबंधित 40 से अधिक ऐप्स और पोर्टल्स को एकीकृत कर एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआईनेट (ECINET) पर उपलब्ध कराया गया है, जिससे नागरिकों को निर्वाचन सेवाएं सरल एवं सुगम रूप से प्राप्त हो सकेंगी।

कार्यक्रम के अंत में एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वूमेन की प्राचार्या नीना शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए मुख्य सचिव के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज्य स्तरीय समारोह के अतिरिक्त राष्ट्रीय मतदाता दिवस चंडीगढ़ प्रशासन के अंतर्गत सभी विद्यालयों, कॉलेजों, मतदान केंद्रों तथा विभागों में भी मनाया गया, जहां मतदाता शपथ दिलाई गई तथा निर्वाचन जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh