Follow

दिल दहला देने वाली वारदात, एटा में एक ही परिवार के चार लोगों की दिनदहाड़े निर्मम हत्या

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

 

एटा। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के नगला प्रेमी गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में बुजुर्ग पति-पत्नी, उनकी पुत्रवधू और नातिन शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, नगला प्रेमी गांव निवासी गंगा सिंह, उनकी पत्नी श्यामा देवी, पुत्रवधू रत्ना सिंह और नातिन ज्योति की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर को बाहर से बंद कर दिया और पंखा चालू छोड़कर फरार हो गए।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गंगा सिंह का नाती देवांश सोमवार दोपहर करीब दो बजे स्कूल से घर लौटा। घर के अंदर कोई हलचल न होने पर उसने आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर जब वह कमरे में गया तो नीचे गंगा सिंह का शव पड़ा मिला, जबकि अन्य तीनों के शव ऊपरी मंजिल पर खून से लथपथ मिले। यह दृश्य देखकर देवांश चीख पड़ा, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान श्यामा देवी की सांसें चल रही थीं, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों पर पहले किसी भारी वस्तु से हमला किया गया और बाद में धारदार हथियार से वार किया गया। मौके से ब्लेड के टुकड़े भी बरामद हुए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने देवांश व पड़ोसियों से पूछताछ की। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कई टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh