न्यूज़म ब्यूरो
लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर स्थित इकाना अस्पताल में रविवार को मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन मृतक की लाश परिजनों को सौंपने के लिए तीन लाख रुपये की मांग कर रहा है। रकम न दे पाने की स्थिति में परिजनों को घंटों अस्पताल परिसर में रो-रोकर गुहार लगानी पड़ी।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन दबाव बनाकर पैसे वसूलने की कोशिश कर रहा है और लाश को बंधक बना लिया गया है। इस अमानवीय व्यवहार से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलते ही इसौली विधायक ताहिर खान अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उनका दर्द सुना। विधायक ताहिर खान ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “लाश पर सौदेबाजी करना अपराध है और यह पूरी तरह गुंडागर्दी है। अगर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई नहीं की तो वह सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।”
परिजनों का कहना है कि अस्पताल के कर्मचारी डराने-धमकाने का रवैया अपना रहे हैं और खुलेआम पैसे की मांग की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है।
फिलहाल गोमती नगर पुलिस को सूचना दे दी गई है, लेकिन बीती रात समाचार लिखे जाने तक न तो लाश परिजनों को सौंपी गई थी और न ही अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब सामने आया है। यह मामला निजी अस्पतालों की मनमानी और स्वास्थ्य व्यवस्था की भयावह सच्चाई को उजागर करता है।