न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 15 जनवरी : हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने वीरवार को नई दिल्ली पहुंच 28वीं राष्ट्रमंडल पीठासीन अधिकारी एवं स्पीकर कॉन्फ्रेंस में शिरकत की। संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।


इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य जन-प्रतिनिधियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग का समन्वय और निगरानी के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के प्रभाव से भी अवगत करवाया गया। जनता और संसद के बीच सहभागिता बढ़ाने के नए उपायों पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर सांसदों और सचिवालय कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण पर भी व्यापक चर्चा की गई। विधायी प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान, संसदीय नैतिकता आदि विषयों पर भी विचार सांझा किए जा रहे हैं।

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े और पुरातन लोकतंत्र भारत के लिए यह गर्व की बात है कि वैश्विक संसदीय लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस का आयोजन यहां हो रहा है। यह अवसर कॉमनवेल्थ की समृद्ध संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवाद और अंतरराष्ट्रीय विधायिकाओं के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने की भारत की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है।