Follow

सुशांत गोल्फ सिटी में पपी डॉग की नृशंस हत्या, पेड़ से लटका मिला शव, FIR दर्ज

न्यूज़म ब्यूरो 

लखनऊ। राजधानी क्षेत्र स्थित सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में पशु क्रूरता का एक बेहद अमानवीय मामला सामने आया है। यहां अज्ञात लोगों ने एक पपी डॉग की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को जमीन से करीब 10 फीट ऊंचाई पर एक पेड़ की टहनी से लटका दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

 

स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना एक पशु प्रेमी संस्था को दी, जिसके बाद संस्था की टीम मौके पर पहुंची। संस्था की सदस्य चारु खरे ने बताया कि पपी डॉग को फंदा लगाकर मारा गया है। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

 

Advertisement

पशु प्रेमी संस्था की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। संस्था के सदस्यों ने इस कृत्य को न केवल अमानवीय बल्कि कानूनन गंभीर अपराध बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

 

वहीं, इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

Advertisement
Tap to Refresh