न्यूज़म ब्यूरो
मिर्जापुर। विंध्याचल धाम में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर शुक्रवार को अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे 25 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में विंध्याचल थाना प्रभारी अविनाश प्रकाश राय ने बताया कि सभी श्रद्धालु रायबरेली से मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आए थे। अटल चौक के पास पीपल के पेड़ के नीचे खाना बनाते समय आग से उठे धुएं के कारण मधुमक्खियां भड़क गईं और अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों ने श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ाकर काटा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने गमछा और चादर ओढ़कर बचाव की कोशिश की, जबकि कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे। बाद में आग जलाकर किसी तरह मधुमक्खियों को शांत किया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।