Follow

चंडीगढ़ में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया 10वां सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस : मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद

Listen to this article
न्यूज़म ब्यूरो
 
चंडीगढ़, 14 जनवरी, 2026 : चंडीगढ़ में आज 10वां सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले तथा राष्ट्र सेवा में समर्पित सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिकों के शौर्य, पराक्रम एवं बलिदान को स्मरण किया गया। सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस प्रतिवर्ष 14 जनवरी को मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 1953 में भारत के प्रथम भारतीय सेनाध्यक्ष फील्ड मार्शल के.एम. करिअप्पा, जिन्होंने 1947 के युद्ध में भारतीय सेनाओं का नेतृत्व कर विजय दिलाई, सेवानिवृत्त हुए थे। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा किया गया।
 

 इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में  मुख्य सचिव चंडीगढ़ प्रशासन एच. राजेश प्रसाद उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों से अपने स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया तथा उनसे युवाओं के लिए राष्ट्र निर्माण में प्रेरणास्रोत बने रहने का आग्रह किया।

 

कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों तथा शौर्य एवं विशिष्ट सेवा पदक विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की दरों में की गई वृद्धि की जानकारी भी दी तथा आश्वस्त किया कि यदि पूर्व सैनिकों को किसी भी कल्याणकारी विषय अथवा शिकायत से संबंधित कोई सुझाव हो, तो वे उसे लिखित रूप में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
 

उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला सैनिक बोर्ड, चंडीगढ़ निशांत कुमार यादव ने इस विशेष अवसर पर पूर्व सैनिकों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने देश के प्रति उनके साहस, त्याग एवं समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों की वीर नारियों को नमन किया।

Advertisement

 

इससे पूर्व, कर्नल हरजीत सिंह घुमन, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने अपने स्वागत भाषण में पूर्व सैनिकों का अभिनंदन किया और राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय योगदान एवं बलिदान को रेखांकित किया। उन्होंने वीर नारियों, विधवाओं, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को प्रदान की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की दरों में वृद्धि हेतु उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि सेक्टर 21-डी, चंडीगढ़ स्थित सैनिक विश्राम गृह के नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिससे बेहतर अतिथि कक्ष एवं खानपान सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
 
What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh