चंडीगढ़ : पंजाब की मौजूदा सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी द्वारा लगातार सिख धर्म, गुरु साहिबानों और सिख सिद्धांतों का अपमान किया जा रहा है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। ये शब्द भाजपा पंजाब के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने व्यक्त किए। बलियावाल ने इस संबंध में ठोस सबूत दिखाते हुए कहा कि बीते दिनों पंजाब सरकार द्वारा “युद्ध नशों के विरुद्ध–2” के तहत “गाँव के पहरेदार” अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के दौरान वितरित किए गए पर्चों और दिखाई गई वीडियो में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को किताबनुमा रूप में दर्शाया गया और गुरु साहिब के पावन स्वरूप को कार्टून के रूप में प्रस्तुत किया गया, जो सीधे तौर पर गंभीर बेअदबी है।
इसके अलावा, उक्त सामग्री में ग्रंथी सिंह के चरित्र को भी गलत और अपमानजनक ढंग से दिखाया गया है, जो सिख मर्यादा और धार्मिक परंपराओं के पूर्णतः विपरीत है।
बलियावाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की इस हरकत ने सिख कौम की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। यह कोई अनजाने में हुई गलती नहीं, बल्कि सिख धर्म के प्रति गंभीर लापरवाही और असंवेदनशीलता को दर्शाता है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी सिखों के लिए कोई साधारण पुस्तक नहीं हैं, बल्कि वे सिख कौम के लिए जीवंत ज्योति हैं। उनके पावन स्वरूप के साथ इस प्रकार की छेड़छाड़ किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जा सकती।
उन्होंने आगे कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी की पूरी नेतृत्व मौजूद थी, फिर भी किसी ने इस बेअदबी को रोकने का प्रयास नहीं किया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा, आम आदमी पार्टी की इस निंदनीय कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करती है और मांग करती है कि आम आदमी पार्टी की पूरी नेतृत्व तत्काल सिख संगत से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। साथ ही, इस अभियान के तहत तैयार की गई समस्त आपत्तिजनक सामग्री और वीडियो को तुरंत वापस लिया जाए।