Follow

चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने नवीनीकृत चंडीगढ़ पर्यटन वेबसाइट का किया उद्घाटन

चंडीगढ़, 7 जनवरी, 2026 : पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं प्रशासक यू.टी. चंडीगढ़ गुलाब चंद कटारिया ने आज लोक भवन चंडीगढ़ में चंडीगढ़ पर्यटन की नवीनीकृत आधिकारिक वेबसाइट का उद्घाटन किया।

 

पर्यटन विभाग, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा पुनः डिज़ाइन एवं उन्नत की गई इस नई वेबसाइट का उद्देश्य इसे अधिक गतिशील, पर्यटक-अनुकूल एवं वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाना है, ताकि देशी एवं विदेशी पर्यटकों के लिए सूचना तक आसान पहुंच सुनिश्चित हो सके और पर्यटक सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि हो।

नवीनीकृत वेबसाइट में आधुनिक, इंटरएक्टिव एवं आकर्षक दृश्यात्मक इंटरफेस, बेहतर नेविगेशन तथा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित कंटेंट संरचना प्रदान की गई है। इसमें एक समर्पित “मेले, उत्सव एवं कार्यक्रम” अनुभाग जोड़ा गया है, जो एक केंद्रीकृत इवेंट लिस्टिंग पोर्टल के रूप में कार्य करेगा। इस पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभाग, व्यक्ति एवं निजी संस्थान अपने कार्यक्रमों का पंजीकरण कर उन्हें वेबसाइट पर प्रदर्शित कर सकेंगे, जिससे कार्यक्रमों की दृश्यता एवं पर्यटक आवागमन में वृद्धि होगी। इसके साथ ही, पूर्व एवं आगामी कार्यक्रमों का कैलेंडर व्यू भी जोड़ा गया है, जिससे यह वेबसाइट शहर में आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों एवं आयोजनों से संबंधित जानकारी के लिए एक ‘वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म’ बन गई है।

पर्यटकों की सुविधा हेतु “अपनी यात्रा की योजना बनाएं” नामक एक नया अनुभाग भी जोड़ा गया है, जिसमें चंडीगढ़ क्यों देखें, भ्रमण का सर्वोत्तम समय तथा सुझाए गए यात्रा कार्यक्रमों जैसी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है। वेबसाइट पर विरासत, प्रकृति, वेलनेस, वास्तुकला एवं खान-पान जैसे विविध रुचि क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैयार किए गए 13 पर्यटन यात्रा कार्यक्रम भी प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें 1-दिवसीय, 2-दिवसीय एवं 3-दिवसीय यात्राओं के विकल्प तथा अंतर-राज्यीय आकर्षण भी सम्मिलित हैं।

Advertisement

पर्यटक सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए वेबसाइट में महत्वपूर्ण सेवाओं का एकीकरण किया गया है, जिनमें गृह मंत्रालय के अधीन ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से जुड़ी ई-वीज़ा जानकारी, समर्पित ट्रैवल डेस्क में पर्यटक सूचना केंद्रों का विवरण तथा चंडीगढ़ पर्यटन ई-टिकटिंग ऐप शामिल है। यह ऐप एकीकृत क्यूआर-कोड आधारित प्रणाली के माध्यम से एक ही मोबाइल प्लेटफॉर्म पर विभिन्न पर्यटन स्थलों के टिकट बुकिंग की सुविधा प्रदान करता है।

इसके अतिरिक्त, वेबसाइट पर फिल्म फेसीलिटेशन सेल को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है, जिसके माध्यम से शहर के विभिन्न स्थानों पर फिल्म शूटिंग के लिए 3–5 कार्यदिवसों में ऑनलाइन अनुमति प्रदान की जाती है। साथ ही, थिएटर एवं ऑडिटोरियम बुकिंग विवरण, प्रमुख पर्यटन स्थलों की तस्वीरों सहित जानकारी तथा संबंधित विभागीय प्लेटफॉर्म्स के लिंक भी उपलब्ध कराए गए हैं।

इस अवसर पर यू.टी. चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद; राज्यपाल के सचिव वी.पी. सिंह; गृह सचिव, यू.टी. चंडीगढ़ मन्दीप सिंह बराड; प्रशासक के विशेष सचिव अभिजीत विजय चौधरी तथा निदेशक पर्यटन राधिका सिंह भी उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh