चंडीगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री ने सुनी जनसमस्याएं
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 21 अप्रैल। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने लोगों से आह्वान किया कि वे किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह वैक्सीन मुफ्त में लगाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री आज चंडीगढ़ में राज्य भर से आए लोगों की जनसमस्याएं सुन रही थी।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि सरकार द्वारा राज्य में लगभग 3 लाख किशोर लड़कियों (मुख्यतः 14-15 वर्ष की आयु वर्ग) को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। यह अभियान बेटियों को स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए चलाया जा रहा है।
आरती सिंह राव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गत 28 फरवरी को हरियाणा में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस वैक्सीन लांच की थी। यह इंजेक्शन एचपीवी के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा देता है, जो सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार है। साथ ही टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा देता है। इसकी टारगेट लाभार्थी वे किशोरियां हैं जिन्होंने 14 साल की उम्र पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 साल की नहीं हुई हैं।
उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) में शुरू होने वाला कैंसर है, जिसका मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) का लंबे समय तक संक्रमण होता है। विशेष रूप से HPV-16 और HPV-18 प्रकार अधिक खतरनाक माने जाते हैं। धूम्रपान, कम उम्र में विवाह और गर्भधारण, बार-बार प्रसव और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली जैसे कारक इसके जोखिम को बढ़ाते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वैक्सीन देने से पहले सभी मेडिकल और पैरा-मेडिकल स्टाफ यह सुनिश्चित करें कि वैक्सीन लगवाने वाली किशोरी टीकाकरण के समय खाली पेट न हो। टीकाकरण से पहले माता-पिता/अभिभावकों से ओटीपी आधारित सहमति या लिखित सहमति प्राप्त करनी जरूरी है।
आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और सर्वाइकल कैंसर की घटनाओं व मृत्यु दर को कम करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार जागरूकता, समय पर जांच और बेहतर उपचार सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई ठोस कदम उठा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर महिला को समय पर जांच और उचित उपचार मिले, ताकि सर्वाइकल कैंसर को जड़ से खत्म किया जा सके।