भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने घर से शुरू की मकान सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया, प्रदेशवासियों से सहयोग की अपील
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 17 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मकानों की सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया के तहत सोनीपत स्थित अपने घर से स्व जनगणना की शुरूआत की। उन्होंने स्वयं जनगणना प्रक्रिया में भाग लेते हुए प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि हर नागरिक की भागीदारी से ही यह अभियान सफल बनेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि पारदर्शिता और सटीकता भी सुनिश्चित करेगी। यह डिजिटल इंडिया और ईज ऑफ लिविंग के विजन को मजबूत करने वाला एक नायाब कदम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि राज्य में जनगणना का पहला चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें मकानों की गणना और सूचीकरण किया जाएगा। इससे पहले 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिकों को स्व-जनगणना की सुविधा दी गई है, जिसके तहत वे घर बैठे मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करा सकते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्व जनगणना की यह पहल डेटा की सटीकता सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि मकान सूचीबद्ध करने की यह प्रक्रिया आधुनिक है और आसान है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और संबंधित अधिकारियों को सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि यह पहल केंद्र सरकार के “डिजिटल इंडिया” और “ईज ऑफ लिविंग” के विज़न को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी। डिजिटल माध्यम से डेटा एकत्रित करने से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि भविष्य की योजनाओं के निर्माण में भी मदद मिलेगी। इससे सरकार को प्रदेश के हर नागरिक तक जनहित की योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में आसानी होगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और लोगों को इसके महत्व के बारे में जागरूक करें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह कदम न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करेगा बल्कि भविष्य के लिए एक मजबूत और व्यवस्थित डेटा प्रणाली तैयार करने में भी सहायक होगा, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को गति मिलेगी।