Follow

किसान के मर्म को अनदेखा कर रही हरियाणा सरकार : राव नरेंद्र सिंह

Listen to this article

कांग्रेस नेताओं ने नारायणगढ़ एवं संढौरा मंडियों का दौरा कर लिया परिस्थितियों का जायजा

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और  पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने नारायणगढ़, बराडा़ एवं संढौरा की मंडियों का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

Advertisement

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मंडियों में अव्यवस्था का आलम है और किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसान के मर्म को समझने में पूरी तरह विफल रही है और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कई जगहों पर फसल उठान में देरी, भुगतान में अनिश्चितता और मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण किसान परेशान हैं। बेमौसमी बारिश ने किसान की फसल को जहां खेत में भारी नुकसान किया, वहीं मंडियों में भी अनाज भीग चुका है,सरकार के पास कोई भी उचित प्रबंध नहीं दिखाई दे रहे।प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित फसल का उचित मुआवजा भी किसानों को समय पर नहीं मिल रहा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह तुरंत प्रभाव से मंडियों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करे, किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित करे और भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी व समयबद्ध बनाए।

राव नरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं की ओर जल्द ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर उनके हक की लड़ाई को और तेज करेगी। इस दौरे के दौरान उनके साथ सांसद वरुण मुलाना, विधायक निर्मल सिंह, अकरम खान, पूजा चौधरी एवं रामकरण काला, जिला प्रधान पवन अग्रवाल (अंबाला शहरी), दुष्यंत चौहान (अंबाला ग्रामीण), परविंदर परी (अंबाला छावनी), नरपाल सिंह गुर्जर (यमुनानगर ग्रामीण) तथा देवेन्द्र सिंह (यमुनानगर शहरी)  एवं कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh