Follow

सीतापुर में नवविवाहित प्रेमी जोड़े ने मंदिर प्रांगण में की आत्महत्या, 22 दिन पहले यहीं हुई थी शादी

Listen to this article

सीतापुर। जिले के हरगांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक नवविवाहित प्रेमी जोड़े ने मंदिर प्रांगण में आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि करीब 22 दिन पहले इसी मंदिर में दोनों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हरगांव थाना प्रभारी बलवंत शाही ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के बस्तीपुरवा निवासी खुशीराम (22) और मोहिनी (20) के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था। ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआत में दोनों के परिजन इस रिश्ते से सहमत नहीं थे, लेकिन काफी मान-मनौव्वल के बाद वे राजी हो गए। इसके बाद 6 दिसंबर को हरगांव थाना क्षेत्र के अनिया कलां स्थित मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों का प्रेम विवाह संपन्न हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक शादी के बाद दोनों काफी खुश नजर आ रहे थे, लेकिन रविवार सुबह उन्होंने मंदिर प्रांगण में आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

Advertisement

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh