Follow

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से जीओसी-इन-सी आरट्रेक ने की भेंट

न्यूज़म ब्यूरो
शिमला, 6 अप्रैल 2026 : शिमला स्थित जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी), आर्मी ट्रेनिंग कमांड (आरट्रेक) लेफ्टिनेंट जनरल देवेन्द्र शर्मा ने आज लोक भवन में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने देश की संप्रभुता की रक्षा तथा दुर्गम क्षेत्रों एवं सीमावर्ती इलाकों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में भारतीय सेना की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने सशस्त्र बलों की पेशेवर दक्षता, समर्पण और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में राष्ट्र की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं।

राज्यपाल गुप्ता ने शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड द्वारा भारतीय सेना की प्रशिक्षण क्षमता और ऑपरेशनल तैयारी को सुदृढ़ करने में दिए जा रहे योगदान की भी सराहना की। उन्होंने सशस्त्र बलों की ताकत बढ़ाने के लिए निरंतर आधुनिकीकरण, उन्नत प्रशिक्षण और तकनीकी अनुकूलन के महत्व पर बल दिया।
लेफ्टिनेंट जनरल देवेन्द्र शर्मा ने राज्यपाल को आरट्रेक द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण पहलों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण पहलों का उद्देश्य सेना के जवानों की तैयारियों और दक्षता को बढ़ाना है।
उन्होंने इस अवसर पर राज्यपाल को एक कॉफी टेबल बुक भी भेंट की।

Advertisement
Tap to Refresh