Follow

देवभूमि हिमाचल में तीन नए सैटेलाइट शहरों के विकास के लिए एमओयू हस्ताक्षरित

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

शिमला, 25 मार्च 2026 : देवभूमि हिमाचल में तीन नए सैटेलाइट शहरों के विकास के लिए हिमाचल प्रदेश आवास और शहरी विकास प्राधिकारण (हिमुडा) और हाउसिंग एंड अर्बन डिवेल्पमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हुडको) के बीच आज यहां नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी की उपस्थिति में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया।

इस एमओयू के अंतर्गत हिम चंडीगढ़, हिम पंचकुला और कांगड़ा वैली एयरोसिटी का निर्माण किया जाएगा। हिमुडा की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव डॉ. सुरेंद्र कुमार वशिष्ठ तथा हुडको की ओर से क्षेत्रीय प्रमुख नीरज सेठी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

Advertisement

इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च अधिमान देते हुए नियोजित शहरीकरण को बढ़ावा देने में यह परियोजनाएं मील पत्थर साबित होंगी। इन परियोजनाओं को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।  संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने तथा राज्य में बढ़ते शहरीकरण के दबाव को कम करने के लिए इन परियोजनाओं को योजनाबद्ध, सतत् विकास के दृष्टिगत भविष्य के अनुरूप शहरी केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की नियोजित शहरीकरण की परिकल्पना को साकार करने की दृष्टि में यह परियोजनाएं सहायक साबित हांेगी। यह पहल नए आर्थिक अवसरों के सृजन में सहायक होगी। इन परियोजनाओं के साकार होने से प्रदेश को एक नई पहचान और लोगों को रोज़गार के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष के अवसर मिलेंगे।

इस अवसर पर हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, हिमुडा और हुडको के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh