Follow

सरकारी दबाव के कारण बाघापुराना के एस.डी.एम वालिया मानसिक रूप से परेशान : बाजवा

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 23 मार्च : पूर्व विधायक एवं भाजपा पंजाब के उपाध्यक्ष फतेह जंग सिंह बाजवा ने कहा है कि अमृतसर में पंजाब वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा का मामला अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि बाघापुराना के एस.डी.एम बाबनदीप सिंह वालिया की ओर से एक शिकायत प्राप्त हुई है, जिसमें उन्होंने मोगा के डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया द्वारा मानसिक रूप से परेशान करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि सागर सेतिया द्वारा उन पर बाघापुराना ब्लॉक कमेटी में आम आदमी पार्टी के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनाने के लिए दबाव डाला जा रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी के पास इतने संख्या बल नहीं हैं कि वह ये पद हासिल कर सके। बाजवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी तरह से अत्याचार पर उतर आई है।

Advertisement

बाजवा ने कहा कि सेतिया कहता है कि आप कुछ भी कर लें, उसे तो आम आदमी पार्टी का ही चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एस.डी.एम डी.सी. के कहने पर गलत कार्य कर रहा है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। इस दबाव के कारण एस.डी.एम भूमिगत हो गया है और उसका फोन भी बंद आ रहा है।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ-साथ डी.सी. मोगा भी मुख्य दोषी है। उन्होंने कहा कि जब गगनदीप सिंह रंधावा को धमकी मिली, तो उसने अपने एम.डी. को इसकी शिकायत की, लेकिन किसी भी अधिकारी ने उसका साथ नहीं दिया।

बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी का भय इतना बढ़ गया है कि पंजाब के अधिकारी अब आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। यह पंजाब के लोगों के लिए एक चेतावनी है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पंजाब के लोगों ने ऐसी सरकार को चुना था। जो लोग अपने आपको “कट्टर ईमानदार” कहते थे, उन्होंने पंजाब का खून चूसने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh