Listen to this article
न्यूज़म ब्यूरो
नई दिल्ली, 21 मार्च, 2026 : पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा से भेंट कर चंडीगढ़ में क्षेत्रीय मेडिकल हब की स्थापना हेतु उनके हस्तक्षेप एवं सहयोग का आग्रह किया।

बैठक के दौरान प्रशासक ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि प्रस्तावित क्षेत्रीय मेडिकल हब को उत्तरी क्षेत्र के लिए एक प्रमुख रेफरल एवं तृतीयक स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इस पहल का उद्देश्य सुपर-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना तथा चंडीगढ़ एवं आसपास के राज्यों की बढ़ती चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करना है।

कटारिया ने बताया कि क्षेत्रीय मेडिकल हब की स्थापना के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव 30 दिसंबर, 2025 को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को पहले ही प्रेषित किया जा चुका है तथा इसके शीघ्र अनुमोदन एवं विचारार्थ अनुरोध किया गया है।

परियोजना के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित हब सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं परिवर्तनकारी कदम सिद्ध होगा, जिससे न केवल चंडीगढ़ बल्कि पड़ोसी राज्य पंजाब एवं हरियाणा भी लाभान्वित होंगे।
प्रशासक ने आगे बताया कि यह क्षेत्रीय मेडिकल हब स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं उन्नत शोध के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा, जिससे क्षमता निर्माण को बढ़ावा मिलेगा तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के समग्र विकास में योगदान मिलेगा।
What are your
Feelings