Follow

IAS अफसर मीनाक्षी सिंह के बयान से नया विवाद

आईएएस अधिकारी मीनाक्षी सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल 

भोपाल। मध्य प्रदेश में आईएएस संतोष वर्मा का विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि प्रदेश की एक और प्रशासनिक अधिकारी के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। वर्ष 2013 बैच की आईएएस अधिकारी मीनाक्षी सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अजाक्स (AJAKS) के एक सम्मेलन के दौरान कथित तौर पर कहा कि“आज के समय में हमें जातिवादी होना ही होगा।”

इसी क्रम में उन्होंने सवर्ण समाज पर भी टिप्पणी की। बयान के सामने आने के बाद सवर्ण समाज में नाराजगी देखी जा रही है और बयान की कड़ी आलोचना के साथ मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर प्रदर्शन किया जा रहा है।

आईएएस अधिकारी मीनाक्षी के बयान का अभी एक ही भाग का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मीनाक्षी सिंह यह भी कहती नजर आ रही हैं कि समाज के लोगों को अपने बच्चों को यह बताना चाहिए कि वे आदिवासी समाज से हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी पोस्टिंग होती है, वहां आदिवासी समाज के लोग उनसे मिलने में संकोच करते हैं। वे बड़े पद पर होने के कारण दूरी बना लेते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि भोपाल आने पर बिना किसी समस्या के भी उनसे मिलने आएं, ताकि आपसी संवाद के जरिए समाज के लिए बेहतर काम किया जा सके।

Advertisement

विवाद बढ़ने पर जब आईएएस मीनाक्षी सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए मीडिया द्वारा संपर्क किया गया तो बताया गया कि मीनाक्षी सिंह की हाल ही में सर्जरी हुई है और वे इस समय दिल्ली में हैं, इसलिए फिलहाल बयान नहीं दे सकतीं।

गौरतलब है कि मीनाक्षी सिंह प्रमोशन के जरिए आईएएस बनी हैं और वर्तमान में आदिम जनजाति विभाग में उपसचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे अजाक्स से भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh