Follow

पंजाब में बढ़ती चुनौतियों पर आरआरएस की सूक्ष्म दृष्टि, नशा-धर्मांतरण पर चिंता : प्रदीप जोशी

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ने संघ प्रतिनिधि सभा से जुड़े विषयों एवं पंजाब में चल रहे सामाजिक कार्यों को लेकर विस्तार से जानकारी दी। चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि आरआरएस राज्य में 145 से अधिक गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के साथ मिलकर नशा विरोधी अभियान को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या एक गंभीर सामाजिक चुनौती है, जिसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग को साथ आना होगा। इसी उद्देश्य से संघ द्वारा जागरूकता अभियान, काउंसलिंग सेशन और युवाओं के लिए प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Advertisement

इसके साथ ही आरएसएस के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख ने धर्मांतरण के मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता की कमी और आर्थिक व सामाजिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर कुछ स्थानों पर धर्मांतरण की घटनाएं सामने आती हैं। इस विषय पर समाज को सजग रहने और आपसी एकता बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि जागरूकता और संवाद के माध्यम से ही इस तरह की चुनौतियों का समाधान संभव है।

जोशी ने आगे बताया कि संघ युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां चला रहा है। जिन युवाओं के पास रोजगार या दिशा की कमी है, उन्हें कौशल विकास, स्वयंसेवा और सामाजिक कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल उनकी ऊर्जा का सही उपयोग हो रहा है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव भी देखने को मिल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना और लोगों को जोड़ना है, ताकि सामूहिक प्रयासों से पंजाब को नशा मुक्त और सशक्त बनाया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों ने भी इन पहलों की सराहना की और इसे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया  मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ने मीडिया के वरिष्ठ पत्रकारों की जिज्ञासाओं को शांत करते हुए उनके प्रश्नों के जवाब भी दिए और बताया कि संघ उन विषयों पर क्या विचार रखता है। इस दौरान उनके साथ पंजाब के प्रान्त संघ चालक सरदार इकबाल सिंह सहित चंडीगढ़ और हरियाणा के भी कुछ पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh