Follow

समय रहते सुनिश्चित किए जाएं युवा सम्मेलन से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध : हरविंद्र कल्याण

Listen to this article

21 मार्च को दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी में आयोजित होगा युवा सम्मेलन 

विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

न्यूज़म ब्यूरो 

Advertisement

चंडीगढ़, 13 मार्च : हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की अध्यक्षता में शुक्रवार को दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मुरथल (सोनीपत) में 21 मार्च को आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उच्चतर शिक्षा विभाग, सोनीपत प्रशासन, विश्वविद्यालय के अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया और कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवा सम्मेलन से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं ताकि कार्यक्रम का आयोजन व्यवस्थित, भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में विशेष रूप से युवाओं को संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों, कार्यों व कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया जाएगा। ताकि युवा उनमे शिक्षा प्राप्त कर समाज के प्रति अपना योगदान दे सकें। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस युवा सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों से लगभग 1400 विद्यार्थी भाग लेंगे। श्री कल्याण ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए सुचारु और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक सुविधाओं जैसे बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को भी समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समारोह को गरिमापूर्ण और भव्य बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान मंच व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रूपरेखा तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की जाए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएं ताकि सम्मेलन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन आपसी सहयोग से सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें।

उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक एस. नारायणन, कुलपति प्रोफेसर प्रकाश सिंह, सोनीपत के उपायुक्त सुशील सारवान, सूचना जन  संपर्क एवं भाषा  विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh