Follow

शहीद मोहित की प्रतिमा से युवाओं को मिलेगी देश भक्ति की प्रेरणा : धनखड़

भाजपा राष्ट्रीय सचिव औम प्रकाश धनखड़ ने लड़ायन में किया  शहीद मोहित जाखड़ की प्रतिमा का अनावरण

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़,  11 मार्च। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ ने क्षेत्र के गांव लड़ायन  में शहीद मोहित जाखड़ की प्रतिमा का अनावरण कर भावपूर्ण माहौल में पुष्प चक्र अर्पित कर उनकी शहादत को नमन किया। धनखड़ ने शहीद मोहित जाखड़ के पिताजी धर्मवीर व माता शकुंतला देवी का शॉल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि मोहित ने मां भारती के सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर क्षेत्र की गौरशाली परम्परा को आगे बढ़ाया है। हम सभी को पूरे देश के साथ मोहित की शहादत पर गर्व रहेगा।

धनखड़ ने कहा कि हरियाणा हरि की धरा है , यहां वीरों के सीने शौर्य चक्रों से सजते हैं और खिलाडिय़ों के सीने ओलंपिक मेडल से । हर गांव में वीर योद्धाओं की प्रतिमाएं युवाओं में देश भक्ति का नया जोश पैदा करती हैं ।

धनखड़ ने कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों की बदौलत ही आज हम सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। शहीद मोहित जाखड़ का बलिदान सदैव युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Advertisement

धनखड़ ने कहा कि मोहित के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। गांव में स्थापित की गई शहीद मोहित जाखड़ की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को मां भारती की  समर्पण  भाव से सेवा करने और साहस की प्रेरणा देती रहेगी।

धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार के लिए शहीदों का सम्मान सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीदों को सम्मान में  ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक स्थापित किया है। सैनिकों- पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को पूरा मान सम्मान दिया जा रहा है। धनखड़ ने कहा कि झज्जर वीरों की भूमि है। सबसे ज्यादा जवान इसी क्षेत्र से हैं। मां भारती के लिए शहादत देने में भी हमारे बहादुर सैनिक आगे हैं।

उल्लेखनीय है कि मोहित जाखड़ वर्ष 2018 में भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे। आठ अप्रैल 2023 को ड्यूटी के दौरान शहीद हुए थे। मोहित अपने पीछे माता पिता सहित एक बहन मोनिका को छोड़ गए। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता संजय कबलाना, ब्लॉक समिति चेयरमैन दीपक कुमार, सैनिक बोर्ड से एक्स कैप्टन सत्यपाल, लीलाराम, कर्नल प्रेमसिंह, सूबेदार सुरेंद्र सिंह, धरमवीर सिंह, सतबीर सिंह, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन विनोद बाढशा, संदीप हसनपुर, सरपंच प्रतिनिधि बिरसिंह, एक्स सरपंच राजरूप जाखड़, राकेश जाखड़, सहित क्षेत्र के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh