Follow

सुपवा में हर साल होगा हरियाणा फिल्म फेस्टिवल : कुलगुरु डॉ अमित आर्य

Listen to this article

प्रदेश के बजट में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया प्रावधान

आयोजन में प्रदेश के कला एवं संस्कृति विभाग का रहेगा सहयोग

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में अब हर साल हरियाणा फिल्म फेस्टिवल कराया जाएगा। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के बजट में की है। बजट में किए गए प्रावधान के अनुसार प्रदेश का कला एवं संस्कृति विभाग फिल्म फेस्टिवल के आयोजन में सहयोग करेगा।

फिल्म फेस्टिवल के आयोजन का प्रावधान प्रदेश में पहली बार किया गया है। इससे पहले आज तक सरकारी स्तर पर किसी भी तरह का फिल्म फेस्टिवल हरियाणा में आयोजित नहीं किया गया है। जिस तरह से बजट में प्रावधान किया गया है, उससे साफ है कि राज्य सरकार प्रदेश की कला व संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की हर संभव कोशिश कर रही है। डीएलसी सुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री साल 2026-27 के लिए जो बजट विधानसभा में पेश किया, उसमें पेज नंबर 71 पर प्वाइंट नंबर 131 के तहत फिल्म फेस्टिवल के आयोजन की घोषणा की है। इसमें कहा गया है कि सुपवा रोहतक के सहयोग से प्रतिवर्ष हरियाणा फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। यह क्षेत्रीय सिनेमा, स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं, छात्र रचनाकारों एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं को एक नया मंच प्रदान करेगा।

डॉ आर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस प्रावधान की घोषणा कला एवं संस्कृति की मद में की है। देखा जाए तो इस समय हरियाणा के कलाकारों, गीत-संगीत, एल्बम आदि का देश भर में डंका बज रहा है। कितने ही प्रतिभाशाली फनकारों को बॉलीवुड फिल्मों में मौके मिल चुके हैं। इसी तरह डीएलसीसुपवा अपनी तरह की देश की पहली यूनिवर्सिटी है, जिसमें एक्टिंग, डायरेक्शन, सिनेमेटोग्रॉफी, एडिटिंग, ऑडियोग्रॉफी में विभिन्न डिग्री कोर्स कराए जा रहे हैं। उक्त पढ़ाई करने के बाद यहां के छात्र देश-विदेश की फिल्म इंडस्ट्री में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। डॉ आर्य ने कहा कि सुपवा के छात्रों द्वारा तैयार शॉर्ट फिल्में व डॉक्यूमेंट्री देश-दुनिया के फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित हो रही हैं, साथ ही अनेक अवार्ड भी जीत रही हैं। इससे पता चलता है कि डीएलसीसुपवा में छात्रों को फिल्म इंडस्ट्री की डिमांड के अनुसार तैयार कर रहा है।

कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि बजट में हरियाणा फिल्म फेस्टिवल सुपवा में करने की घोषणा निश्चित तौर पर प्रदेश सरकार का सराहनीय कदम है। इससे न सिर्फ प्रदेश की कला एवं संस्कृति को सहेजा जा सकेगा, बल्कि सुपवा के छात्रों को अलग तरह का एक्सपोजर भी मिलेगा। वे अपने कैंपस में ही फिल्मी दुनिया को करीब से निहार सकेंगे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh