नष्ट किए गए नशीले पदार्थो में 6.6 किलोग्राम गांजा, 610 ग्राम अफीम, 1.2 किलोग्राम चरस, 20.7 किलो चूरा पोस्त 237 ग्राम हेरोइन और 50642 नशीली गोलियां और कैप्सूल शामिल
पंचकूला/ 10 दिसंबर : हरियाणा प्रदेश को नशामुक्त बनाने की मुहिम को गति देते हुए पंचकूला पुलिस ने 10 दिसंबर यानि आज नशीली दवाओं की तस्करी और दुरुपयोग के खिलाफ अपनी अब तक की महत्वपूर्ण कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया, जिसके तहत 2.01 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को विधिवत नष्ट किया गया।
जब्त किए गए नशीले पदार्थो को पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज की निगरानी में, सभी कानूनी शर्तों का पूरा पालन करते हुए बागवाला स्थित हाईजीन फैक्ट्री में उच्च तापमान वाली विशेष भट्टी में किया गया, ताकि नशीली सामग्री पूरी तरह नष्ट हो सके और किसी भी प्रकार से पुनः उपयोग की संभावना न बचे। इस प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता, एसीपी अजीत सिंह, रायपुररानी एसएचओ प्रीतम सिंह, मौकी चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर रामकरण सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा संबंधित तकनीकी स्टाफ मौजूद रहा, जिन्होंने नष्टकरण प्रक्रिया के हर चरण की निगरानी की।
पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता वाली नशीले पदार्थों के निपटान समिति ने उन सभी केस प्रॉपर्टीज को नष्ट करने की अनुमति दी जिनके लिए संबंधित अदालतों से आधिकारिक मंजूरी प्राप्त थी, जिससे पूरी प्रक्रिया कानूनी रूप से मजबूत और विश्वसनीय बने। नष्ट की गई सामग्री में 6.6 किलोग्राम गांजा, 610 ग्राम अफीम, 1.2 किलोग्राम चरस, 20.7 किलो चूरा पोस्त, 237 ग्राम हेरोइन और 50,642 नशीली गोलियां व कैप्सूल शामिल थे, जिन्हें पंचकूला पुलिस 31 अलग-अलग मामलों में जब्त किया था, और जिनका कुल मिलाकर अनुमानित बाजार मूल्य 2,01,07,770 रुपये आंका गया है।
कमिश्नर शिवास कविराज ने इस अभियान को मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में एक सशक्त और अत्यंत आवश्यक कदम बताते हुए कहा कि पंचकूला पुलिस समाज को नशे के खतरे से बचाने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त, पारदर्शी और निरंतर कार्रवाई करती रहेगी।
इस दौरान डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बागवाला क्षेत्र के ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थानीय स्तर पर नशे की गतिविधियों, युवाओं में फैलती लत, अवैध नेटवर्क की संभावित सक्रियता और उससे निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की, साथ ही ग्रामीणों को जागरूक और सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।
वहीं डीसीपी पंचकूला ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी, अवैध बिक्री, पेडलर नेटवर्क या किसी व्यक्ति द्वारा दुरुपयोग की जानकारी मिले तो तुरंत मानस हेल्पलाइन 1933 व पंचकूला पुलिस के ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 व 7087081047 पर सूचना दे। उन्होंने परिवारों को यह संदेश भी दिया कि यदि उनका कोई प्रियजन नशे की लत से जूझ रहा है, तो शर्म या डर की वजह से समस्या को छिपाने के बजाय आगे आकर मदद लें, क्योंकि “नशा और हिंसा मुक्त मेरा गांव, मेरी शान” अभियान के तहत पंचकूला पुलिस उपचार, परामर्श, पुनर्वास और सामाजिक समर्थन की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है ताकि प्रभावित व्यक्ति को नए जीवन की राह दिखाई जा सके।