न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवमयी अवसर पर सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में पंचकूला पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता और नवाचार का लोहा मनवाया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल प्रोफेसर अशीम कुमार घोष ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल भी विशेष रुप से मौजूद रहे।
इस दौरान पंचकूला पुलिस के लिए दोहरी खुशी का मौका रहा, जहाँ एक ओर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जवानों को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने वाली पुलिस की झांकी ने सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन और उनकी धर्मपत्नी एवं पंचकूला की एडीसी निशा यादव के सुपुत्र की पुलिस वर्दी में मौजूदगी लोगों को लुभाती रही।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए 6 पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस विभाग में निरंतर समर्पण और उत्कृष्ठ सेवाओं के लिए माननीय राज्यपाल ने पंचकूला पुलिस के 6 अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में इंस्पेक्टर सोमबीर ढ़ाका, सब इंस्पेक्टर विजय कुमार, ईएएसआई सुरेन्द्र पाल, ईएचसी खुशीराम, सिपाही अनिकेत और एसपीओ रणजीत शामिल रहे।

इन सभी को उनके द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में दिए गए विशेष योगदान के लिए यह सम्मान मिला।
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों में पंचकूला पुलिस की 'डिजिटल अरेस्ट और साइबर जागरूकता' पर आधारित झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
इस झांकी को प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। राज्यपाल ने साइबर थाना एसएचओ युद्धवीर सिंह और उनकी पूरी टीम को ट्रॉफी प्रदान कर बधाई दी।
झांकी में साइबर टीम के सदस्यों ने एक सजीव अभिनय के माध्यम से दिखाया कि किस तरह साइबर ठग नकली पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को डराते हैं और 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर ठगी को अंजाम देते हैं। इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और यह लोगों को शिक्षित करने का एक प्रभावी माध्यम बनी।
महिला शक्ति का प्रदर्शन और शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी
परेड में महिला सशक्तिकरण का नजारा भी देखने को मिला, जहाँ महिला पीएसआई पूजा के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस की महिला प्लाटून ने अत्यंत अनुशासित और शानदार मार्च पास्ट किया।
समारोह के दौरान पंचकूला के पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया। उनके साथ डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता और डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने भी जवानों की हौसला अफजाई की और इस उपलब्धि को पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।







