Follow

हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव में 54.4 प्रतिशत मतदान दर्ज

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 10 मई। हरियाणा निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय निकायों के आम एवं उपचुनावों के तहत आज आयोजित मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई। राज्य निर्वाचन आयोग को शाम तक प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 8,73,177 पंजीकृत मतदाताओं में से 4,75,010 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का 54.4 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा कुल 817 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे तथा सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे।

प्रवक्ता के अनुसार अंबाला में 54.4 प्रतिशत, पंचकूला में 52.2 प्रतिशत, सोनीपत में 48 प्रतिशत, रेवाड़ी में 66.1 प्रतिशत, रोहतक में 79.2 प्रतिशत तथा हिसार में 75.7 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Advertisement
Advertisement
Tap to Refresh